अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- पिपलोनकला मे एक भयावह हादसा होते-होते टल गया। रात्रि लगभग दो बजे बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित एक चाय की गुमटी में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गुमटी में रखा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि गुमटी के परखच्चे उड़ गए और आसपास का इलाका दहल उठा। धमाके की आवाज से आसपास के रहवासी नींद से जाग उठे और घबराकर घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर के लिए पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि घटना देर रात की है, जब बस स्टैंड पर लोगों की आवाजाही नहीं थी। यदि यह हादसा दिन के समय होता तो भारी जनहानि हो सकती थी. जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की चपेट में आने से चाय की गुमटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन को अवगत कराया गया। मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया गया और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया जा रहा है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थलों पर संचालित अस्थायी दुकानों में गैस सिलेंडर और बिजली उपकरणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जोरदार धमाके से दहला पिपलोन कला! गैस सिलेंडर फटते ही चाय की गुमटी के उड़े परखच्चे- बड़ा हादसा होने से टला..

