Site icon Telegram Times

माँ बगलामुखी की शरण में पहुँचीं साउथ की प्रसिद्ध अभिनेत्री नयनतारा और लीला.. देर रात किया विशेष पूजन, मंदिर में उमड़ी श्रद्धा की लहर…

आगर मालवा- रविवार देर रात साउथ फ़िल्म इंडस्ट्री की प्रसिद्ध अभिनेत्री नयनतारा और उनकी सह-कलाकार लीला नलखेड़ा पहुँचीं, जहाँ उन्होंने विश्वप्रसिद्ध माँ बगलामुखी मंदिर में दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना संपन्न की। मंदिर के पुजारियों द्वारा दोनों अभिनेत्रियों को वैदिक विधि-विधान से पूजन करवाया गया।
दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। दोनों अभिनेत्रियों ने माँ बगलामुखी के चरणों में माथा टेकते हुए देश-प्रदेश में शांति, समृद्धि और सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के पश्चात उन्होंने कुछ समय मंदिर प्रांगण में बिताया और वहाँ के आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
सूत्रों के अनुसार, इससे पहले दोनों अभिनेत्री उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने पहुँची थीं, जहाँ उन्होंने महाआरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया। उज्जैन प्रवास के बाद वे एक निजी कार्यक्रम में भी शामिल हुईं और फिर देर रात नलखेड़ा के लिए रवाना हुईं।
गौरतलब है कि नलखेड़ा स्थित माँ बगलामुखी मंदिर न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देशभर में आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। राजनीति, व्यापार और फिल्म जगत से जुड़ी कई हस्तियाँ समय-समय पर यहाँ दर्शन के लिए पहुँचती रहती हैं।
अभिनेत्री नयनतारा और लीला के आगमन से मंदिर परिसर में उत्साह और कौतूहल का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने मोबाइल कैमरों में इस पल को कैद करने की कोशिश की। वहीं मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम किए, जिससे पूजा-अर्चना का क्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो सका।

माँ बगलामुखी के प्रति दोनों अभिनेत्रियों की श्रद्धा और आस्था ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि भक्ति और प्रसिद्धि, दोनों का संगम जब होता है तो वह दृश्य भक्तों के लिए प्रेरणास्पद बन जाता है।

Exit mobile version