अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले के NH-552G पर शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आमला के समीप दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं और एक घायल की हालत नाजुक होने पर उसे उज्जैन रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार ओमनी कार आगर से सोयत की ओर जा रही थी, जिसमें जया (25), मंजू (40), प्रेमबाई (35), सुनीता (40), देव (8), कल्लो, रमेश, सपना, लविश और पूजा दांगी सवार थे। इनमें से अधिकांश महिलाएं सिलाई सीखने आगर आई थीं और वापस सोयत लौट रही थीं। हादसे में सपना की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर इको कार में सवार मीना भावसार, दीपिका गुजराती, श्रेयांसी गुजराती और अथर्व नलखेड़ा स्थित बगलामुखी माता मंदिर के दर्शन कर देवास जा रहे थे। आमला के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही CSP मोतीलाल कुशवाह सहित कोतवाली थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया।











