धमाके से दहला कानड़! अस्पताल मे गैस गीजर फटा, एक मंजिला हिस्सा ध्वस्त, विस्फोट के बाद मची अफरा-तफरी

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले के कानड़ कस्बे में रविवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जब माता मंदिर के समीप स्थित एक निजी अस्पताल में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। विस्फोट के कारण अस्पताल भवन का एक मंजिला हिस्सा भरभराकर गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट के तुरंत बाद अस्पताल के भीतर के दो कमरे और एक बाथरूम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मलबा गिरने से अस्पताल का बड़ा हिस्सा क्षति का शिकार हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि पास स्थित एक मकान की दीवार और गैलरी भी क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें दरारें आ गईं।

घटना की सूचना मिलते ही कानड़ थाना प्रभारी राजेश दांगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा गैस गीजर के फटने से हुआ हो सकता है, हालांकि पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। विस्फोट के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हो गए। राहत एवं बचाव कार्य भी तत्काल शुरू किया गया. गनीमत रही की इस हादसे मे कोई जनहानि नहीं हुई

You cannot copy content of this page