Site icon Telegram Times

गोवंश पर मौत का कहर! लम्पी वायरस से पशु प्रजनन केंद्र में हाहाकार, प्रशासनिक लापरवाही ने छीनी कई बेजुबानों की सांसें..

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले के पशु प्रजनन केंद्र में इन दिनों हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। गोवंश सहित अन्य पशुओं में तेजी से फैल रहे लम्पी वायरस ने पूरे परिसर को मौत के साए में धकेल दिया है। पशुओं के स्वास्थ्य की अनदेखी, चारा-पानी की भारी कमी और प्रशासनिक लापरवाही के चलते कई गोवंशों की असमय मौत हो चुकी है, जबकि अनेक पशु अभी भी बीमारी से जूझ रहे हैं।
सोमवार को जब पशु प्रजनन केंद्र का जायजा लिया गया तो दृश्य बेहद दयनीय और भयावह था। परिसर में कई गोवंश लम्पी वायरस से पीड़ित अवस्था में पड़े नजर आए, वहीं कुछ पशु मृत मिले। सबसे चिंताजनक पहलू यह सामने आया कि मृत पशुओं को नियमानुसार गड्ढा खोदकर दफनाने की बजाय खुले में फेंक दिया गया, जिससे अन्य जानवर उन्हें नोचते दिखे। इस स्थिति के कारण क्षेत्र में दुर्गंध फैल गई है और संक्रमण के और अधिक फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है। स्थिति की गंभीरता यहीं नहीं थमती। केंद्र में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण हड़ताल पर बैठे हैं। कर्मचारियों के काम बंद करने से पशुओं की नियमित देखभाल, उपचार और साफ-सफाई पूरी तरह ठप हो गई है। परिणामस्वरूप बीमार पशुओं की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है और मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

इस मामले में पशु प्रजनन केंद्र के प्रबंधक आरएमएन खरे ने स्वीकार किया कि कुछ पशुओं में लम्पी वायरस की पुष्टि हुई है और कुछ की मौत भी हुई है। उन्होंने कहा कि मृत पशुओं को गड्ढा खोदकर दफनाया जाएगा। वहीं, उपसंचालक पशु विभाग डॉ. रमेश पंवार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय टीम गठित कर जांच कराई जाएगी।

Exit mobile version