अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले के सुसनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सालरिया में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। सुबह करीब 11 बजे गांव निवासी रतन सिंह पिता रामसिंह ने अपनी ही पत्नी दुर्गा बाई पर अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस निर्मम हमले में दुर्गा बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ीं।
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन और आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल महिला को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल सुसनेर लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने शुक्रवार को खूनी रूप ले लिया और एक परिवार उजड़ गया। बताया जा रहा है कि आरोपी रतन सिंह ने पहले भी कई बार झगड़ा किया था, लेकिन इस बार उसने गुस्से में आकर खौफनाक कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही सुसनेर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
इस जघन्य हत्या की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जमीन विवाद मे हुवा खून-खराबा! पति ने पत्नी पर चाकू से किये ताबड़तोड़ वार, हत्या से क्षेत्र मे मचा कोहराम

