Site icon Telegram Times

सुसनेर में खूनी संग्राम! नाली-चैम्बर विवाद पर भड़की हिंसा, पार्षद प्रतिनिधि पर चाकू से जानलेवा हमला..

आगर मालवा- सुसनेर नगर के वार्ड क्रमांक 7 में रविवार दोपहर नाली निर्माण को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक इतना उग्र हो गया कि स्थिति खूनी संघर्ष में बदल गई। वार्डवासियों द्वारा नाली और चैम्बर निर्माण संबंधी शिकायत मिलने पर वार्ड 7 के पार्षद जीतेन्द्र सांवला ने स्वयं शहर से बाहर होने के कारण वार्ड 8 के पार्षद प्रतिनिधि दिलीप जैन को मौके पर भेजा था। लेकिन जैसे ही दिलीप जैन मौके पर पहुंचे, वहां विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी अनुसार चैम्बर लगाने को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि वार्ड के ही युवक गोविन्द प्रजापति ने अचानक चाकू निकालकर दिलीप जैन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हुए दिलीप जैन जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल सुसनेर ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल आगर रेफर कर दिया।

हमले के बाद माहौल बिगड़ गया. घटना की खबर फैलते ही पार्षद समर्थकों में भारी आक्रोश फैल गया। बताया जा रहा है कि कुछ लोग आरोपी से जुड़ी एक दुकान पर पहुंचे और वहां बैठे युवक के साथ मारपीट कर दी। इस दूसरी घटना ने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया. दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।

Exit mobile version