Site icon Telegram Times

ओडिशा से आगर तक गांजे की तस्करी का भंडाफोड़! 60 किलो गांजा, XUV कार और 4 तस्कर पुलिस के शिकंजे में, कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई…

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने ओडिशा से गांजा लाकर बड़ोद क्षेत्र के गांवों में खपाने जा रहे चार तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत का 60 किलो गांजा जब्त किया है। तस्करी में प्रयुक्त XUV कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। कोतवाली पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक कार में भारी मात्रा में गांजा भरकर कुछ लोग बड़ोद क्षेत्र की ओर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर ही चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विक्रम पिता इंदर सिंह उम्र 40 वर्ष, दिलीप पिता रमेश दास बैरागी उम्र 18 वर्ष, ईश्वर पिता रमेश दास बैरागी उम्र 24 वर्ष, तीनों निवासी ग्राम मारुबलडिया तथा तूफान पिता विक्रम सिंह उम्र 22 वर्ष निवासी खजुरी चोपड़ा शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह गांजा ओडिशा से लेकर आए थे और इसे बड़ोद क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पुड़ियाओं के माध्यम से बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है। साथ ही गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क, सप्लायर और संभावित ग्राहकों को लेकर भी गहन पूछताछ की जा रही है। कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है और पुलिस का कहना है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Exit mobile version