Site icon Telegram Times

साख दांव पर लगी तो हरकत में आई कोतवाली पुलिस! 5 करोड़ के ड्रग कांड का फरार मास्टरमाइंड भाजपा नेता राहुल आंजना गिरफ्तार, 4 महीने से पुलिस को दे रहा था चकमा..

oplus_0

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े बहुचर्चित और हाई-प्रोफाइल केटामाइन ड्रग मामले में आखिरकार कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 5 करोड़ रुपये कीमत की 9 किलो से अधिक केटामाइन ड्रग के मामले में चार महीने से फरार चल रहा मुख्य आरोपी व भाजपा नेता राहुल आंजना को रविवार को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी न सिर्फ ड्रग माफिया के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है, बल्कि हाल के दिनों में सवालों के घेरे में आई पुलिस की कार्यप्रणाली के लिए भी साख बचाने वाली कार्रवाई साबित हुई है।
रविवार को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने बैजनाथ मार्ग स्थित हेलीपैड के पास सुनियोजित घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक से गुजर रहे राहुल आंजना को पुलिस टीम ने मौके पर ही दबोच लिया। लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही जिले में हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि 12 सितंबर 2025 को कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गाड़ियों से 9.250 किलो केटामाइन ड्रग, 6 ग्राम एमडी ड्रग, अमोनियम क्लोराइड, 35 लीटर आइसोप्रोपाइल अल्कोहल, ड्रग बनाने की मशीनें और अन्य उपकरण बरामद किए थे। पुलिस के अनुसार इस जब्त माल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई थी। इस प्रकरण में पहले ही तीन आरोपी ईश्वर मालवीय, दौलत सिंह आंजना और सुरेश आंजना को गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं, जबकि मुख्य आरोपी राहुल आंजना घटना के दिन से ही फरार था।


चार महीने तक राहुल आंजना की गिरफ्तारी न हो पाने को लेकर कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे थे। हाल ही में आमला की तीर्थ हर्बल फार्म एंड नर्सरी से सेंट्रल नारकोटिक्स ब्यूरो द्वारा 10 करोड़ रुपये की एमडी ड्रग और केमिकल पकड़े जाने के बाद पुलिस की भूमिका को लेकर आलोचनाएं और तेज हो गई थीं। ऐसे में कोतवाली पुलिस पर भारी दबाव साफ नजर आ रहा था। अपनी साख बचाने और ड्रग तस्करी के खिलाफ सख्त संदेश देने के लिए कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान तेज किया। इसी कड़ी में शनिवार को 62 किलो गांजा जब्त किया गया और अगले ही दिन रविवार को फरार चल रहे मुख्य आरोपी राहुल आंजना की गिरफ्तारी कर पुलिस ने यह साफ कर दिया कि वह अब एक्शन मोड में है।
सीएसपी मोतीलाल कुशवाह ने बताया कि आरोपी राहुल आंजना को सोमवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान ड्रग सप्लाई चैन, फंडिंग और नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे होने की पूरी संभावना है। उल्लेखनीय है कि राहुल आंजना का राजनीतिक और सामाजिक रसूख भी इस मामले को खासा संवेदनशील बनाता है। उसके पिता सेवाराम आंजना पूर्व ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि उसकी मां सोहनबाई वर्तमान में सरपंच हैं। ऐसे में इस गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चाओं का दौर जारी है।
फिलहाल, राहुल आंजना की गिरफ्तारी के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि आगर मालवा और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय ड्रग तस्करी नेटवर्क की कई परतें अब खुलेंगी और आने वाले दिनों में पुलिस की कार्रवाई और भी तेज होगी।

Exit mobile version