Site icon Telegram Times

मालीखेड़ी रोड़ पर बीती रात 11 बजे प्रशासनिक एक्शन! नाग मंदिर के पास अवैध उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, पोकलेन व डंपर जब्त, माफियायों के भागने की कोशिश नाकाम…

आगर मालवा- जिले में अवैध खनन का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है और विभागीय अमले की लापरवाही से खनन माफियाओं के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि वे दिन-रात कहीं भी अवैध उत्खनन करने में नहीं हिचकते। इसी सिलसिले में बीती रात मालीखेड़ी रोड़ पर नाग मंदिर के समीप अवैध खनन का बड़ा मामला सामने आया।
सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आया और रात करीब 11 बजे छापेमार कार्रवाई करते हुए एक पोकलेन मशीन और एक डम्पर को जब्त कर लिया। डम्पर को थाने ले जाया गया, जबकि पोकलेन की चाबियां मौके पर ही अधिकारी अपने कब्जे में लेकर मशीन सीज कर चले गए. हालांकि सोमवार शाम को पोकलेन मशीन मौके से नदारद दिखी.

जानकारी के अनुसार एसडीएम मिलिंद ढोके को रात में ही मालीखेड़ी रोड़ पर अवैध उत्खनन की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने नायब तहसीलदार गिरीश सूर्यवंशी को टीम के साथ तत्काल मौके पर भेजा। प्रशासन की कार्रवाई के बाद खनिज विभाग के अधिकारी भी पुलिस बल के साथ पहुंचे, जहां उन्होंने पोकलेन को खनन करते और डम्पर को मुरम भरकर परिवहन करते हुए पाया।

दल को देखते ही माफिया भागने की कोशिश में थे, लेकिन टीम ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें घेराबंदी कर दबोच लिया। मौके पर ही पंचनामा तैयार किया गया और खनिज विभाग ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

खनिज अधिकारी शिवप्रताप सिंह ने बताया कि मालीखेड़ी रोड़ पर नाग मंदिर के समीप अवैध उत्खनन में लिप्त पोकलेन व डम्पर को जब्त किया गया है। पोकलेन शाजापुर निवासी किसी व्यक्ति की होना बताई जा रही है, जबकि पकड़ा गया डम्पर बिना नंबर का मिला हैं. अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई जारी है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

Exit mobile version