Site icon Telegram Times

“उड़ता आगर”! MD ड्रग्स का हब बनता जा रहा जिला, कोतवाली पुलिस अब एक्शन मोड़ मे, 33 लाख की MD के साथ तस्कर गिरफ्तार, पहले भी पकड़ी जा चुकी है करोड़ों की MD…

oplus_0

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- कभी शांत और धार्मिक पहचान के लिए जाना जाने वाला आगर मालवा जिला अब तेजी से MD ड्रग्स के बढ़ते कारोबार के कारण सुर्खियों में आ रहा है। हालात ऐसे बनते जा रहे हैं कि जिला “उड़ता पंजाब” की तर्ज पर अब “उड़ता आगर” कहलाने लगा है। लगातार सामने आ रहे बड़े खुलासे यह संकेत दे रहे हैं कि आगर मालवा धीरे-धीरे MD ड्रग्स का हब बनता जा रहा है, जिसकी सबसे बड़ी कीमत जिले का युवा वर्ग चुका रहा है। इसी गंभीर पृष्ठभूमि में कोतवाली आगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए 33 लाख रुपये मूल्य की 330 ग्राम MD ड्रग्स के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर नशे के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी मोतीलाल कुशवाहा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। 19 जनवरी 2026 की रात, कोतवाली पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि फैजान पठान, निवासी नुरानी नगर सुसनेर, आगर–सुसनेर रोड स्थित माँ दुर्गा माताजी मंदिर, आमला के पास MD ड्रग्स लेकर आगर की ओर आने वाला है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन सतर्कता से उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 330 ग्राम अवैध MD ड्रग्स एक पारदर्शी पॉलीथीन में तथा एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। मादक पदार्थ को विधिवत तौलकर सीलबंद किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली आगर में अपराध क्रमांक 0032/2026, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस आरोपी से ड्रग्स के स्रोत, सप्लाई चेन और नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैजान पठान पिता अब्दुल मन्नान, उम्र 23 वर्ष, निवासी नुरानी नगर सुसनेर, जिला आगर मालवा के रूप में हुई है। जब्त MD ड्रग्स की कीमत लगभग 33 लाख रुपये और मोबाइल फोन की कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है। कुल मिलाकर करीब 34 लाख 20 हजार रुपये की मशरुका जब्त की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शशि उपाध्याय, उपनिरीक्षक संजय गुनेरा, सउनि कमल सिंह राठौर, प्रधान आरक्षक सुनील पटेल, रुदेश मीणा, अजयपाल सिंह, गिरजा शंकर त्रिपाठी, बाबू बबेरिया, आरक्षक दीपक सोलंकी, मोहम्मद परवेज, विक्रम सूर्यवंशी, जितेन्द्र सिंह राजपूत, विजय दांगी, लखन जमलिया तथा महिला आरक्षक सोना भदौरिया की भूमिका सराहनीय रही। गौरतलब है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। हाल ही में आमला तीर्थ नर्सरी से नारकोटिक्स विभाग द्वारा करीब 10 करोड़ रुपये की 31 किलो MD ड्रग्स जब्त की गई थी, वहीं चार माह पूर्व तनोड़िया क्षेत्र में एक भाजपा नेता के पास से 5 करोड़ रुपये की MD ड्रग्स पकड़ी जा चुकी है। लगातार सामने आ रहे ये मामले जिले की तस्वीर को भयावह बना रहे हैं। कोतवाली पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से जहां नशा तस्करों में हड़कंप मचा है, वहीं यह सवाल भी खड़ा हो रहा है कि आगर मालवा आखिर कब और कैसे MD ड्रग्स का गढ़ बन गया? यदि समय रहते इस पर पूरी तरह अंकुश नहीं लगाया गया, तो इसका सबसे बड़ा दुष्परिणाम जिले की युवा पीढ़ी को भुगतना पड़ेगा।

Exit mobile version