अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- विधायक मधु गहलोत के नेतृत्व में 14 दिसंबर रविवार को शहर में सेवा. समर्पण और संस्कार का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा. जब 551 कन्याओं का विशाल निशुल्क विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह भव्य आयोजन नवीन कृषि उपज मंडी परिसर आगर मालवा में संपन्न होगा जिसे क्षेत्र का अब तक का सबसे बड़ा सामाजिक आयोजन माना जा रहा है। आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पूरे जिले में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
आयोजन स्थल पर लगभग दो लाख आगंतुकों के लिए विशाल भोजन व्यवस्था की गई है। बीते तीन दिनों से भोजन निर्माण का कार्य लगातार जारी है जिसमें प्रतिदिन 200 से 500 हलवाई जुटे हुए हैं। भोजन के लिए 100 क्विंटल आटा. 60 क्विंटल शकर. 30 क्विंटल घी. 50 क्विंटल बेसन सहित अन्य सामग्री से गुलाब जामुन. बेसन चक्की. पुड़िया. नमकीन. दाल सहित अनेक प्रकार के व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं।
551 कन्याओं के लिए अलग-अलग कक्ष बनाए गए हैं. जहाँ उन्हें उपहार स्वरूप दिए जाने वाले गृहस्थी के सामान को व्यवस्थित रूप से रखा गया है। प्रत्येक दुल्हन को कूलर. बेड. गैस टंकी. चूल्हा. टीवी. बर्तन. आलमारी सहित आवश्यक घरेलू सामग्री प्रदान की जाएगी. जिससे वे अपने नए जीवन की शुरुआत आत्मसम्मान और सुविधा के साथ कर सकें।
विवाह संस्कार गायत्री परिवार के 551 पंडितों द्वारा 551 हवन कुंडों में विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराए जाएंगे। आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संभालने के लिए करीब 5 हजार वालेंटियर तैनात रहेंगे जो सुरक्षा. मार्गदर्शन. भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।
विधायक मधु गहलोत ने जानकारी देते हुए बताया कि चार ऐसी गरीब कन्याएं जिनके माता-पिता नहीं हैं उन्हें विशेष सम्मान स्वरूप हेलीकॉप्टर से विधानसभा का भ्रमण कराया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी नागरिकों और मतदाताओं से इस पुण्य आयोजन में शामिल होकर कन्याओं को आशीर्वाद देने और भोजन ग्रहण करने का आग्रह किया है. उल्लेखनीय है कि गत वर्ष विधायक मधु गहलोत ने अपने बड़े पुत्र लक्की के विवाह अवसर पर भी सम्मेलन आयोजित किया था.
सेवा, समर्पण और संस्कार की मिसाल: विधायक मधु गहलोत के नेतृत्व में 551 कन्याओं का विशाल विवाह सम्मेलन, घरेलु सामान के साथ ही दो लाख आगंतुको के भोजन की व्यवस्था…

