आगर मालवा- शुक्रवार को विजय द्वार परिसर में राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” के 150वें स्मरणोत्सव का आयोजन गरिमामय माहौल में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक गायन से हुई, जहां सभी ने एक स्वर में राष्ट्रगीत गाकर देशभक्ति की भावना व्यक्त की।
साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन और राष्ट्रीय स्तर के मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय और विधायक मधु गहलोत ने राष्ट्रगीत के इतिहास और महत्व पर प्रकाश डाला।
हालांकि कार्यक्रम में एक रोचक स्थिति तब बनी जब विधायक मधु गेहलोत से “वंदे मातरम्” के कुल श्लोकों की संख्या पूछी गई तो उन्होंने चार बताई, जबकि वास्तविक संख्या 6 होती है। इतना ही नहीं, अपने संबोधन और मीडिया से चर्चा के दौरान वे बार-बार राष्ट्रगीत को राष्ट्रगान कहकर संबोधित करते रहे, जिससे उपस्थित जनों में हल्की खुसर-पुसर और मुस्कराहट देखने को मिली।
कार्यक्रम स्थल पर लगाया गया छोटा टेंट तेज धूप के आगे बेअसर साबित हुआ। स्कूली बच्चे और नागरिक धूप से परेशान होकर छांव की तलाश में दिखे, जबकि कई कुर्सियां खाली हो गईं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने बैंड पर “सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तां हमारा” की शानदार प्रस्तुति दी, जिसे देखकर उपस्थित सभी ने तालियां बजाईं।
कार्यक्रम में कलेक्टर प्रीति यादव, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह, विधायक मधु गहलोत, जिला पंचायत सीईओ नंदा भलावे कुशरे, एएसपी रविंद्र बोयट, सीएसपी मोतीलाल कुशवाहा, नगर पालिका अध्यक्ष निलेश जैन सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

