Site icon Telegram Times

आपत्तिजनक टिप्पणी से भड़का खूनी विवाद! पिता-पुत्र ने कुल्हाड़ी से हमला कर 50 वर्षीय व्यक्ति को उतारा मौत के घाट, पुलिस बल की मौजूदगी मे हुवा अंतिम संस्कार

oplus_0

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले के समीपस्थ ग्राम सिरपोई में एक मामूली आपत्तिजनक टिप्पणी ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पिता और पुत्र द्वारा किए गए जानलेवा हमले में एक अधेड़ व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया, जिसे देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सिरपोई निवासी जुझार सिंह पिता परथी सिंह (उम्र लगभग 50 वर्ष) ने बुधवार सुबह गांव के ही दरबार पिता पदम सिंह, उसके पुत्र प्रवीण तथा एक अन्य पप्पू नामक व्यक्ति को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी। इस टिप्पणी से आक्रोशित होकर तीनों ने जुझार सिंह पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर दिया। हमले में जुझार सिंह को सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल आगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे उज्जैन के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान गुरुवार को जुझार सिंह ने दम तोड़ दिया।

oplus_0

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मुख्य आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया गया वही एक अन्य आरोपी पप्पूसिंह फरार है जिसकी तलाश जारी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया। मृतक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पिपलोन चौकी प्रभारी अजय जाट, बड़ी संख्या में पुलिस बल तथा तहसीलदार सीताराम परमार मौके पर पहुंचे। पुलिस सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी में मृतक का दाह संस्कार कराया गया।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर हत्या का प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version