आगर मालवा- शहर में बुधवार देर रात तीन हिन्दू युवको के साथ हुई मारपीट की घटना ने गुरुवार को विवाद का बड़ा रूप ले लिया। आगर से अपने ग्राम कांकरिया लौट रहे युवक देशराज पिता पप्पू ढोली पर वर्ग विशेष के चार युवकों द्वारा किए गए हमले के विरोध में बजरंग दल व अन्य हिन्दू संगठनों ने कोतवाली थाने का घेराव कर जोरदार नारेबाजी की। पुलिस द्वारा मामूली धाराओं में प्रकरण दर्ज किए जाने से नाराज कार्यकर्ताओं ने कड़ी कार्रवाई की मांग की।
काफी देर तक चले इस हंगामे के बाद सीएसपी मोतीलाल कुशवाह और कोतवाली टीआई शशि उपाध्याय ने हिन्दू संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक विधिक धाराओं में इज़ाफ़े तथा सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।

इस मामले मे गंभीर घायल देशराज ने सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो में आरोप लगाया कि वह हिंदू संगठन से जुड़ा है, अपनी बाइक पर ‘हिन्दू राष्ट्र’ का नाम लिखता है और घर पर भगवा ध्वज भी लहराता है। इन्हीं कारणों से वर्ग विशेष के युवकों में ईर्ष्या पनपी और उन्होंने रास्ता रोककर उसके साथ गंभीर मारपीट की।
पुलिस ने फिलहाल पुरानी रंजिश को आधार मानते हुए चार युवकों शाहरुख, आजाद ख़ां, कालू ख़ां और रुस्तम के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
बजरंग दल प्रखंड सह संयोजक संजय गुजराती ने बताया कि घायल युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए सभी हिन्दू संगठनों ने थाने पहुंचकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें कढ़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।
सीएसपी मोतीलाल कुशवाह के अनुसार, घटना में मारपीट की पुष्टि हुई है। हिंदू संगठन के लोग विधि सम्मत धाराएँ बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत होता है। जांच जारी है और दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।











