अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- देवनारायण मंदिर की जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद मंगलवार देर शाम अचानक हिंसक रूप में फूट पड़ा। जमीन पर कब्जे को लेकर आमने-सामने आए दो पक्षों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि एक युवक पर पिस्टल से फायरिंग कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक विजय पिता रामसिंह (उम्र 20 वर्ष) पर उस समय हमला किया गया जब वह मंदिर की जमीन से जुड़े विवाद के सिलसिले में मौके पर मौजूद था। बताया जा रहा है कि देवनारायण मंदिर की जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई महीनों से रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते अज्ञात हमलावरों ने विजय पर पिस्टल से फायर कर दिया। गोली उसके पैर में लगी और आर-पार निकल गई। घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने घायल युवक को सुसनेर के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए उज्जैन भेज दिया गया। घायल युवक विजय का कहना है कि कुछ लोगों द्वारा मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। उनका पक्ष जमीन को कब्जामुक्त कर मंदिर निर्माण कराना चाहता है, जिसके चलते लंबे समय से विवाद चल रहा था और आखिरकार मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। इधर, सुसनेर अस्पताल से घटना की तहरीर सुसनेर थाने भेज दी गई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सुसनेर में फिर हुवा बवाल! मंदिर की जमीन को लेकर हुई फायरिंग, युवक को लगी गोली, उज्जैन रेफर











