Site icon Telegram Times

बच्चे ही देश का भविष्य! आप सब हैं विकास के भागीदार – कलेक्टर प्रीति यादव…70वें स्थापना दिवस पर झूम उठा आगर, बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से जीता दिल…

आगर मालवा- मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंच पर हुई रंगारंग प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
कलेक्टर प्रीति यादव ने इस अवसर पर कहा कि “बच्चे देश का भविष्य हैं, वे ही अपने प्रदेश और देश की तरक्की में सच्चे भागीदार बन सकते हैं। आने वाली पीढ़ी हमारे राज्य को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।” उन्होंने कहा कि 70 वर्षों में मध्यप्रदेश ने स्वच्छता, कृषि, दुग्ध उत्पादन, औद्योगिक विकास और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
कलेक्टर ने बताया कि आगर जिला स्वच्छता रैंकिंग में प्रदेश में पाँचवें स्थान पर है। उन्होंने नागरिकों से जिले के विकास में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया और छात्र-छात्राओं को उज्जवल भविष्य निर्माण हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय ने कहा कि मध्यप्रदेश धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक संपदा से समृद्ध राज्य है। राज्य सरकार ने कृषि, सिंचाई, बिजली एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश को निरंतर विकास के मार्ग पर अग्रसर किया है।
वहीं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश भारत का हृदय है, जहाँ से संस्कृति, ऊर्जा और प्रगति का संदेश पूरे देश में फैलता है।
एसडीएम मिलिंद ढोके ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 1 नवम्बर 1956 को मध्यप्रदेश का गठन हुआ था और तब से राज्य ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास किया है। उन्होंने सभी नागरिकों से राज्य के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम की शुरुआत राजश्री शर्मा द्वारा मधुर स्वर में “मध्यप्रदेश गान” से हुई। इसके बाद मांगीलाल कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में कला पथक दल और उज्जैन से आई तृप्ति नागर टीम द्वारा लोक गुंजन कार्यक्रम की शानदार प्रस्तुति दी गई।
श्रीकृष्ण रतन अकैडमी, संस्कार अकैडमी और पुष्पा कॉन्वेंट स्कूल के बच्चों ने मध्यप्रदेश की संस्कृति, परंपरा और विरासत को रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। मनमोहक नृत्य, लोकगीत और नाट्य मंचन ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकासपरक प्रदर्शनी का अतिथियों ने अवलोकन किया और प्रदेश की प्रगति की सराहना की।

Exit mobile version