Site icon Telegram Times

झोलाछाप डॉक्टर को लेकर कलेक्टर प्रीति यादव का बड़ा एक्शन- फर्जी डॉक्टर कमल कारपेंटर का क्लिनिक होगा सील, CMHO को दिए सख्त निर्देश…

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- शहर के छावनी झंडा चौक स्थित फर्जी क्लिनिक पर अब सख्त कार्रवाई होने जा रही है। लंबे समय से बिना किसी चिकित्सा डिग्री के खुलेआम इलाज कर लोगों की जान जोखिम में डालने वाले झोलाछाप चिकित्सक कमल कारपेंटर के खिलाफ कलेक्टर प्रीति यादव ने बड़ा कदम उठाया है। मामले की शिकायतें लगातार स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचती रहीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के बाद यह मामला कलेक्टर तक पहुंचा, जहां से तत्काल एक्शन लिया गया।
कलेक्टर प्रीति यादव ने CMHO डॉ. दिनेश दहलवार को निर्देश दिए हैं कि वे तुरंत टीम गठित कर कमल कारपेंटर के क्लिनिक पर पहुंचे और उसकी चिकित्सा डिग्री, रजिस्ट्रेशन व आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच करें। कलेक्टर ने स्पष्ट आदेश दिए कि यदि संबधित चिकित्सक के पास वैध डिग्री न मिले अथवा फर्जी रूप से क्लिनिक संचालित पाया जाए, तो तुरंत कार्रवाई करते हुए क्लिनिक को सील किया जाए। यदि वह क्लिनिक पर उपस्थित न मिले, तब भी क्लिनिक सील कर दिया जाए।
सूत्रों के अनुसार झोलाछाप चिकित्सक कमल कारपेंटर लंबे समय से बिना योग्यता इलाज कर रहा था, और कई बार नागरिकों ने CMHO कार्यालय में शिकायतें दर्ज करवाईं, लेकिन विभागीय कार्रवाई न होने से नाराजगी बढ़ रही थी। आखिरकार जब यह मामला कलेक्टर तक पहुंचा, तो उन्होंने गंभीरता दिखाते हुए तुरंत सख्त एक्शन लेने को कहा। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि कमल कारपेंटर जैसे फर्जी डॉक्टर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं, ऐसे क्लिनिक जल्द से जल्द बंद होना चाहिए। शहर में प्रशासन द्वारा उठाए गए इस कदम को जनहित में सराहनीय माना जा रहा है और लोगों में राहत की भावना देखने को मिल रही है।

Exit mobile version