Site icon Telegram Times

मौत का करंट! हाइड्रोलिक में तकनीकी खराबी बनी जानलेवा, हाईटेंशन लाइन से टकराया डम्पर, कोहड़िया में दो की दर्दनाक मौत, एक गंभीर घायल

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- नलखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कोहड़िया में मंगलवार को एक भीषण और झकझोर देने वाला हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। एक ढाबे पर जमीन भराव का मटेरियल डालने पहुंचे डम्पर के साथ यह हादसा उस वक्त हुआ, जब मटेरियल खाली करने के बाद डम्पर के हाइड्रोलिक सिस्टम में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मटेरियल खाली हो जाने के बाद भी डम्पर का पिछला हिस्सा पूरी तरह नीचे नहीं आ पाया। इसी दौरान डम्पर अनियंत्रित स्थिति में ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। टकराते ही डम्पर में तेज करंट फैल गया और आसपास मौजूद लोग उसकी जद में आ गए।
इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही करंट से झुलसकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना अचानक और भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

मृतकों में से एक की पहचान भुरू सेन के रूप में हुई है, जबकि दूसरे व्यक्ति की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही नलखेड़ा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए विद्युत विभाग की मदद से बिजली सप्लाई बंद करवाई, ताकि कोई और हादसा न हो। इसके बाद मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version