अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- थाना सोयतकला में पदस्थ पुलिस स्टाफ होमगार्ड जवान महेश प्रजापति ने ड्यूटी के दौरान मानवता, साहस और प्रशिक्षण का ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसने एक युवक को नया जीवन दे दिया।
दरअसल, जिले में आयोजित 551 जोड़ों के विशाल सामूहिक विवाह सम्मेलन के दौरान कार्यक्रम में शामिल होने आए अक्षय शर्मा (निवासी नरवल) को अचानक घबराहट हुई और वे मंच के समीप ही अचेत होकर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक की हालत तेजी से बिगड़ने लगी और हार्ट अटैक के लक्षण स्पष्ट नजर आने लगे।
मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन उसी समय ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान महेश प्रजापति ने बिना एक पल गंवाए स्थिति को समझा और तत्काल सीपीआर (CPR) देना शुरू किया। कुछ ही क्षणों में उनकी तत्परता रंग लाई और अक्षय शर्मा की सांसें लौटने लगीं। घटना का यह वीडियो सोमवार को सामने आया.
घटना के बाद महेश प्रजापति ने बताया कि उन्हें हार्ट अटैक जैसी आपात स्थितियों में मरीज को सीपीआर देने का विशेष प्रशिक्षण कई बार डॉक्टरों, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिया गया है।
उन्होंने कहा प्रशिक्षण के दौरान सिखाया गया था कि ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत सही तकनीक से सीपीआर देना जरूरी होता है। उसी अनुभव के कारण मैं समय पर निर्णय ले सका और युवक की जान बच पाई।
सीपीआर के बाद अक्षय शर्मा को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकों ने भी माना कि यदि कुछ मिनट की भी देरी हो जाती, तो परिणाम गंभीर हो सकता था।
इस साहसिक और सराहनीय कार्य के बाद आयोजन स्थल पर मौजूद लोग, परिजन और प्रशासनिक अधिकारी होमगार्ड जवान महेश प्रजापति की खुले दिल से प्रशंसा कर रहे हैं। यह घटना न केवल पुलिस बल की सजगता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि सही प्रशिक्षण और समय पर लिया गया निर्णय किसी की जिंदगी बचा सकता है। यह घटना समाज के लिए एक संदेश भी है कि प्राथमिक चिकित्सा और सीपीआर का प्रशिक्षण आमजन के लिए भी कितना जरूरी है—क्योंकि कब, कहां और किसे आपकी जरूरत पड़ जाए, कहा नहीं जा सकता।
मौत को दी मात! 551 जोड़ों के विवाह सम्मेलन में हार्ट अटैक से अचेत हुवे युवक को पुलिस जवान ने CPR देकर लौटाई सांसें, हर तरफ हो रही सराहना..

