आगर मालवा- कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए इंग्लैंड में निर्मित विदेशी पिस्टल और 2 जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को दबोच लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध हथियार तस्करी की संभावित गतिविधियों पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय ने बताया की पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जावेद पिता राशीद खान उज्जैन रोड़ पर शर्मा ऑटो डील के पास खड़ा हैं उसके पास एक बाइक हैं जिसका नंबर Mp 70 Za 4901 हैं इस गाडी के बैग मे
एक पिस्टल रखी हुई हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और युवक को मौके से पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से एक अत्याधुनिक इंग्लैंड मेड पिस्टल, 2 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवक यह विदेशी पिस्टल और कारतूस कहां से लाया, किससे संपर्क में था और क्या वह किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा है, इसे लेकर गहन जांच चल रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में युवक के बयान संतोषजनक नहीं मिले हैं। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे किसी हथियार तस्करी गैंग का हाथ हो सकता है। आरोपी के मोबाइल डेटा, संपर्कों और उसके आने-जाने वाले स्थानों का विश्लेषण भी किया जा रहा है।
कोतवाली पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से अवैध हथियारों के प्रवाह पर अंकुश लगेगा और आगे की जांच में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

