Site icon Telegram Times

एमडी ड्रग्स का मेगा नेटवर्क ध्वस्त! आगर कोतवाली पुलिस की बड़ी कामयाबी, राजस्थान तक फैली करोड़ों की ड्रग फैक्ट्री पर छापा

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। थाना कोतवाली आगर में दर्ज अपराध क्रमांक 32/26, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई इस कार्रवाई को पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी सफलताओं में गिना जा रहा है। एसपी विनोद कुमार सिंह ने बुधवार को प्रेसवार्ता मे बताया की गत 20 जनवरी को मुखबिर की सूचना पर आगर-सुसनेर रोड स्थित आमला क्षेत्र में घेराबंदी कर फैजान पिता अब्दुल मन्नान, निवासी नुरानी नगर सुसनेर, को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 330 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स (अनुमानित कीमत ₹33 लाख) एवं एक एप्पल मोबाइल फोन जप्त किया गया। संपूर्ण कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत विधिवत की गई। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मादक पदार्थों की आपूर्ति राजस्थान के झालावाड़ जिले से की जा रही थी। इसी कड़ी में 28 जनवरी 2026 की रात आगर मालवा पुलिस ने लगभग 80 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ ग्राम घाटाखेड़ी थाना डग, जिला झालावाड़ (राजस्थान) में सुनियोजित दबिश दी।
दबिश के दौरान ताहिर खान के बंद मकान में प्रवेश कर पुलिस ने शाहीर खान एवं मुनव्वर खान उर्फ राजा को संदिग्ध केमिकल छिपाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर भारी मात्रा में मादक पदार्थ, केमिकल, हथियार एवं उपकरण जप्त किए गए। तलाशी में लगभग 1 किलो स्मैक, 2 किलो एमडी ड्रग्स, 2 किलो केटामाइन, 25 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन, बड़ी मात्रा में रसायन, एमडी ड्रग निर्माण की मशीन, ड्रम, 7 मोबाइल फोन, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, एक भरमार गन एवं एक एयर गन बरामद की गई। जप्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹5 करोड़ आंकी गई है।

Exit mobile version