अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- सोयत थाना क्षेत्र में जुआ-सट्टे का अवैध कारोबार पुलिस की नाक के नीचे खुलेआम फल-फूल रहा है। सोयत पुलिस की कथित उदासीनता के चलते जुआरियों और सटोरियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि वे अब बिना किसी डर के सार्वजनिक रूप से जुआ-सट्टा खेलते नजर आ रहे हैं। डोंगरगांव क्षेत्र में सट्टा खेलते सटोरियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में खलबली मची हुई है और सोयत पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि कुछ सटोरिये “घोड़ी” नामक सट्टे के एक दांव में खुलेआम रुपये लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। आसपास लोगों की आवाजाही के बावजूद सटोरियों को न तो कानून का भय है और न ही पुलिस कार्रवाई की चिंता, जो क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के निर्भीक संचालन की ओर इशारा करता है।
अपुष्ट सूत्रों के अनुसार, सोयत थाना क्षेत्र के अंतर्गत लंबे समय से इस तरह का जुआ-सट्टा संचालित हो रहा है। डोंगरगांव के अलावा क्षेत्र के अन्य हिस्सों में भी सट्टे और जुए के कई अड्डे सक्रिय बताए जा रहे हैं, जहां नियमित रूप से बड़ी रकम का लेन-देन होता है। इसके बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई न होना आमजन के लिए हैरानी का विषय बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इन जुआ-सट्टा अड्डों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो इसका सीधा असर क्षेत्र की युवा पीढ़ी पर पड़ेगा। जुआ-सट्टा न केवल आर्थिक नुकसान पहुंचाता है, बल्कि अपराध, नशाखोरी और सामाजिक विघटन को भी बढ़ावा देता है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति और अधिक बिगड़ सकती है।
मामले को लेकर जब पुलिस अधीक्षक विनोद सिंह से चर्चा की गई, तो उन्होंने बताया कि यह प्रकरण उनके संज्ञान में आया है। मामले मे जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध उचित व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोयत पुलिस की नाक के नीचे पनप रहा जुआ-सट्टे का काला कारोबार! डोंगरगांव में खुलेआम सजी सट्टे की दुकानें, वीडियो वायरल, SP ने कहां- जांच के बाद होंगी कड़ी कार्रवाई…











