Site icon Telegram Times

राष्ट्रीय मंच पर नलखेड़ा का नाम रोशन! दैव्यांश सोनी बने ‘बेस्ट फाइटर’, 12वीं राष्ट्रीय तांग सू डो प्रतियोगिता में जूनियर बॉयज़ वर्ग में शानदार प्रदर्शन..

योगेंद्र मकवाना, नलखेड़ा – दिल्ली में 16 से 18 जनवरी तक आयोजित 12वीं राष्ट्रीय तांग सू डो (कोरियन कराते) प्रतियोगिता में नगर के लिए गौरव का क्षण सामने आया, जब कमला सागर विद्यालय के होनहार खिलाड़ी दैव्यांश सोनी (पिता अनिल सोनी) ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सबका ध्यान आकर्षित किया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जूनियर बॉयज़ कैटेगरी में दैव्यांश ने बेहतरीन तकनीक, अद्भुत फुर्ती, आत्मविश्वास और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए निर्णायकों को प्रभावित किया और ‘बेस्ट फाइटर अवार्ड’ अपने नाम किया। प्रतियोगिता के दौरान दैव्यांश ने अपने मुकाबलों में संतुलित रणनीति, सटीक प्रहार और अनुशासित खेल भावना का परिचय दिया। उनके खेल में अनुभव और परिपक्वता साफ झलक रही थी, जो उन्हें अन्य खिलाड़ियों से अलग पहचान दिलाने में सफल रही।


इस उपलब्धि पर विद्यालय के संचालक दिलीप तांतेड़ ने दैव्यांश को हार्दिक बधाई देते हुए कहा की जूनियर स्तर पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ‘बेस्ट फाइटर’ का खिताब जीतना अत्यंत गर्व की बात है। यह दैव्यांश की कड़ी मेहनत, मजबूत आत्मविश्वास और प्रशिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन का प्रतिफल है। हमें विश्वास है कि भविष्य में वह और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगा। दैव्यांश की इस शानदार सफलता पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों, प्रशिक्षकों एवं मित्रों में खुशी की लहर है। सभी ने उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह इसी लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ता रहे।
राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह उपलब्धि न केवल दैव्यांश के लिए, बल्कि नगर और विद्यालय के लिए भी गौरव का विषय बन गई है।

Exit mobile version