आगर मालवा। मप्र शासन के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा शाजापुर दौरे के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के संबंध में की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेसजनों ने आगर में जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजयलक्ष्मी तंवर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विजय स्तंभ चौराहे पर विजयवर्गीय का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। इस दौरान तंवर ने बयान को बेहद अभद्र और घोर निंदनीय करार देते हुए कहा कि भाजपा की यह मानसिकता समाज में भाई-बहन के रिश्तों के प्रति घृणित सोच को उजागर करती है।
पुतला दहन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस नेताओं के हाथ से जलते पुतले को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रही। विरोध कार्यक्रम में कांग्रेस पार्षद अमित अजमेरा, एनएसयूआई राष्ट्रीय महासचिव अंकुश भटनागर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेसजनों ने कहा कि विजयवर्गीय का यह बयान न केवल लोकतांत्रिक गरिमा के विपरीत है बल्कि भाई के स्नेह पर भी आघात पहुंचाता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस तरह की टिप्पणियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
आगर में हुआ यह प्रदर्शन प्रदेशभर में कांग्रेस के चल रहे विरोध और आक्रोश का हिस्सा रहा।

