आगर मालवा- सोयत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सालिया खेड़ी में शनिवार देर रात करीब 2 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे यात्री प्रतीक्षालय में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार और प्रतीक्षालय दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार कार (क्रमांक RJ 08 CB 0512) कोटा से उज्जैन की ओर जा रही थी। कार में सवार 6 युवक-युवतियां नर्सिंग के छात्र बताए गए हैं, जो राजस्थान के केशवराय पाटन (कोटा) क्षेत्र के निवासी हैं। सभी बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन जा रहे थे, लेकिन सालिया खेड़ी पहुंचते ही उनकी यात्रा हादसे में बदल गई। हादसे में केना (22 वर्ष), दीपक (25 वर्ष), दीक्षा (20 वर्ष), सोनू (20 वर्ष) और मोनू (20 वर्ष) सहित सभी सवार घायल हो गए। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और पैरामेडिकल स्टाफ अशोक दांगी व पायलट बजरंग दांगी ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल सोयत कला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉ. मुकेश जाट ने सभी का प्राथमिक उपचार किया।
घायल केना की हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल झालावाड़ रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रतीक्षालय की संरचना तक हिल गई, वहीं कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हालांकि कार के एयरबैग खुल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी सवारों की जान बच गई।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने को हादसे का कारण माना जा रहा है।
महाकाल दर्शन करने जा रहे कोटा के 6 नर्सिंग छात्र हादसे का शिकार! तेज रफ्तार कार यात्री प्रतीक्षालय में घुसी, मचा हड़कंप…











