अरविंद दुगारिया, आगर मालवा। जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम घुरासिया में शनिवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब 13 वर्षीय बच्चे के सिर में गोली लगने से उसकी मौत हो गई। परिजन पहले इसे साधारण चोट समझ बैठे, लेकिन जब इंदौर एमवाय अस्पताल में सिटी स्कैन हुआ तो चौंकाने वाला सच सामने आया—बच्चे के सिर में गोली धंसी हुई थी।
मृतक की पहचान रवि पिता गोपाल सूर्यवंशी (13) निवासी घुरासिया के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रवि शाम को घर के पास बाड़े में गाय बांधकर लौट रहा था, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ और वह गिर पड़ा। उसी वक्त उसका भाई ललित मौके पर मौजूद था, जिसने परिजनों को बुलाया और तुरंत रवि को जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल से उसे उज्जैन और फिर इंदौर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गोली लगने की जानकारी सामने आते ही गांव में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना पर सोमवार सुबह पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कानड़ थाना प्रभारी दांगी ने बताया कि गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का आरोप है कि क्षेत्र में अक्सर शिकारियों का जमावड़ा रहता है और वारदात में इन्हीं का हाथ हो सकता है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है।

