Site icon Telegram Times

पति-पत्नी मे हिंसक झड़प! पत्नी ने पति का गला काटा, इधर पत्नी के सिर-कमर में गंभीर चोटें, पड़ोसी ले गए दोनों को अस्पताल…

आगर मालवा- जिला मुख्यालय स्थित मास्टर कॉलोनी में एक घरेलू विवाद उस समय भयावह रूप ले बैठा, जब पति-पत्नी के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। इस घटनाक्रम में पति का गला कट गया, जबकि पत्नी के सिर और कमर में गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मास्टर कॉलोनी निवासी रवि कुशवाह और उसकी पत्नी कमला के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। शुरू में मामूली नोक-झोंक के रूप में शुरू हुआ यह विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और दोनों के बीच हाथापाई हो गई। इसी दौरान पति रवि कुशवाह के गले में गहरी चोट लग गई, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान हो गया। वहीं पत्नी कमला को सिर और कमर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को फिलहाल स्थिर बताया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों का उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय जांच जारी है।
घटना को लेकर पत्नी कमला ने आरोप लगाया है कि उसके पति रवि कुशवाह और उसके परिजनों ने उसके साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। वहीं पति पक्ष की ओर से भी घटना को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं, जिससे मामला और उलझता नजर आ रहा है।
कोतवाली पुलिस को अस्पताल से सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version