Site icon Telegram Times

भाईदूज की खुशियां मातम में बदलीं! चार बहनों के इकलौते भाई की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत.. भाईदूज बनाकर घर लौटते समय हुवा हादसा…

आगर मालवा- दीपावली के बाद मनाए जाने वाले भाईदूज के पावन पर्व पर जहां बहनों ने अपने भाइयों की लंबी उम्र की कामना की, वहीं जिले में एक परिवार की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं। नलखेड़ा के गवलीपुरा निवासी जितेंद्र पिता बंशीलाल गवली (34 वर्ष) की गुरुवार शाम सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, जितेंद्र अपनी बहन के घर आगर में भाईदूज का पर्व मनाकर स्कूटी से नलखेड़ा लौट रहा था। इसी दौरान आमला के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही जितेंद्र सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। उपस्थित लोगों ने तत्काल NHAI (नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया) को सूचना दी। रेस्क्यू वाहन के माध्यम से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी शशि उपाध्याय के अनुसार, कंटेनर चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंपा गया।
समाज के वरिष्ठ सदस्य अशोक गवली (एडवोकेट) ने बताया कि जितेंद्र अपनी चार बहनों के बीच इकलौता भाई था। बहनों ने उसी दिन बड़े स्नेह से भाईदूज का तिलक किया था, लेकिन शाम ढलते ही यह खुशियां शोक में बदल गईं।

Exit mobile version