Site icon Telegram Times

Telegram Times की खबर का बड़ा असर! कार मे हुड़दंग कर बंदूके लहराने वाले स्कूली बच्चों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 बंदूकें व 3 कार जब्त, स्कूल पर भी होंगी कड़ी कार्रवाई

oplus_0

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- Telegram Times द्वारा कार मे बंदूके लहराके हुड़दंग मचाने वाले सनसनीखेज मामले को प्रमुखता से उजागर किए जाने के बाद आगर मालवा पुलिस ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है। कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन बंदूकें जब्त की हैं, जबकि यातायात विभाग ने तीन कारों को जब्त कर चालानी कार्रवाई की है। इसके साथ ही पुलिस ने संबंधित नाबालिग बच्चों के परिजनों को थाने तलब कर कड़ी फटकार लगाई और भविष्य में इस तरह की हरकत दोहराने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। प्रशासन ने साफ किया कि नाबालिगों को कानून हाथ में लेने की किसी भी सूरत में अनुमति नहीं दी जाएगी।


इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने संबंधित निजी स्कूल प्रशासन की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई के लिए कलेक्टर प्रीति यादव एवं जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजा गया है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि स्कूल स्तर पर बच्चों को अनुशासन और कानून के प्रति जिम्मेदारी सिखाने में कहां चूक हुई। उल्लेखनीय है कि रविवार को एक निजी स्कूल में अध्ययनरत बच्चों ने 10 से 15 कारों का काफिला बनाकर शहर की मुख्य सड़कों पर प्रदर्शन किया था। कारों की खिड़कियों से बाहर झुककर बच्चे बंदूकें लहराते, शोर-शराबा करते और दहशत का माहौल बना रहे थे। इस दौरान बड़ौद रोड चौराहा और मास्टर कॉलोनी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो Telegram Times द्वारा सामने लाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बना। मामले में सीएसपी मोतीलाल कुशवाह ने स्कूली बच्चों द्वारा इस तरह बंदूकें लहराने को पूरी तरह कानून के खिलाफ बताते हुए निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया था.

oplus_0

इस घटना ने जहां बढ़ते गन कल्चर और नाबालिगों में अनुशासनहीनता को उजागर किया है, वहीं निजी स्कूलों की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े किए हैं। अब देखना यह होगा कि जांच के बाद स्कूल प्रशासन पर किस स्तर की कार्रवाई होती है, या फिर मामला चेतावनी तक ही सीमित रह जाता है।

Exit mobile version