अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- मकर संक्रांति जैसे पावन और उल्लासपूर्ण पर्व पर जहां पूरा नगर पतंगबाजी के उत्साह में डूबा हुआ था, वहीं नलखेड़ा पुलिस ने समय रहते एक बड़ी अनहोनी को टालते हुए जानलेवा चाइनीज मांझे के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। त्योहार की आड़ में चल रहे इस खतरनाक धंधे पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेशों के पालन में थाना प्रभारी नलखेड़ा नागेश यादव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि नगर में एक दुकान के भीतर चोरी-छिपे प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का भंडारण और विक्रय किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बगलामुखी मंदिर रोड स्थित एक बेकरी की दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान की आड़ में छुपाकर रखे गए प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के कुल 13 छोटे-बड़े चकरे बरामद किए गए। जब्त किए गए मांझे की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से नलखेड़ा निवासी मुकेश पिता रमेशचंद्र जैन, उम्र 42 वर्ष, निवासी महावीर मार्ग को चाइनीज मांझे के अवैध भंडारण के आरोप में पकड़कर सामग्री जब्त की तथा उसके विरुद्ध प्रचलित कानूनों के तहत कार्रवाई की गई है।
गौरतलब है कि चाइनीज मांझा अत्यंत घातक होता है, जिससे पूर्व में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं, वहीं पक्षियों की गर्दन कटने और वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। इसी कारण शासन द्वारा इसके विक्रय, उपयोग और भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
पुलिस ने साफ शब्दों में कहा है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल मांझे का ही उपयोग करें। यदि कहीं भी चाइनीज मांझा बिकते या इस्तेमाल होते देखा जाए, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
मकर संक्रांति पर ‘मौत की डोर’ का भंडाफोड़! नलखेड़ा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, बेचने के लिए बेकरी की आड़ में छुपा रखा जानलेवा चाइनीज मांझा जब्त..











