अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- बड़ोद रोड स्थित चौराहे पर शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्राम भदवासा की ओर जा रही एक ओवरलोड पिकअप वाहन का पहिया चलते वाहन से अचानक अलग हो गया। तेज आवाज के साथ पहिया निकलते ही चौराहे पर मौजूद लोग सहम गए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त पिकअप वाहन के आगे-पीछे कोई अन्य वाहन मौजूद नहीं था, अन्यथा एक बड़ा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन में क्षमता से कहीं अधिक सामान लदा हुआ था, वहीं सामान के साथ-साथ बड़ी संख्या में सवारियां भी बैठी हुई थीं। जैसे ही पहिया निकला, वाहन अचानक असंतुलित हो गया, जिससे उसमें बैठी सवारियों में खलबली मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पहिया बीच सड़क पर गिरने के कारण कुछ समय तक यातायात बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस द्वारा पहिया हटवाने और वाहन को किनारे कराए जाने के बाद यातायात धीरे-धीरे सुचारू हो सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर ओवरलोड वाहनों का संचालन आम बात हो गई है, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। यदि थोड़ी सी भी चूक होती, तो कई निर्दोष लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। इस घटना ने एक बार फिर ओवरलोड वाहनों और उनमें सवारियों को बैठाने की खतरनाक प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।











