आगर मालवा- मालवा क्षेत्र में लगातार सक्रिय चलते ट्रकों से माल की कटिंग कर चोरी करने वाले बदमाशों के गैंग ने अब आगर में भी अपना आतंक फैला दिया है। बीती रात आगर मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर आगर–बड़ोद मार्ग पर ग्राम चिप्या के समीप बदमाशों ने दो अलग-अलग ट्रकों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का माल चोरी कर लिया। हाईवे पर हुई इस वारदात के बाद ट्रक चालकों में दहशत व्याप्त है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
पहली घटना में लीलाराम पिता देवकिशन मीणा निवासी ग्राम नावली, थाना गांधीसागर जिला मंदसौर, जो फॉर्च्यून तेल के डिब्बों से भरा ट्रक लेकर नीमच से भोपाल के लिए रवाना हुए थे, ने बताया कि चिप्या के पास चलते ट्रक में अज्ञात बदमाशों ने कटिंग कर करीब 29 तेल के डिब्बे निकाल लिए, जिनकी कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है। वहीं दूसरी वारदात में रवि पिता कैलाश राठौर, जो जावरा से मूंगफली भरकर भोपाल जा रहे थे, ने बताया कि चलते ट्रक में से अज्ञात आरोपियों द्वारा 12 से 13 मूंगफली की बोरियाँ काटकर चोरी कर ली गईं।
इन दोनों ट्रक चालकों को चोरी की जानकारी तब लगी जब वे रात में सड़क किनारे एक चाय की दुकान पर रुके और माल की जांच की। जांच के दौरान पीछे का हिस्सा कटा हुआ और माल गायब मिला, जिसके बाद वे तत्काल कोतवाली पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों अलग-अलग घटनाओं की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से एक ही FIR दर्ज की है, जिससे ट्रक चालकों ने नाराजगी व्यक्त की. अलग-अलग स्थान व समय की वारदातों को एक ही FIR में दर्ज करना समझ से परे है.

