अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- शहर में बीती रात एक मामूली सड़क घटना ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। भोले की बावड़ी क्षेत्र में बाइक और स्कूटी की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में दो गुटों के बीच बड़े बवाल में तब्दील हो गया। कहासुनी से शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते लाठी-डंडों से जमकर मारपीट में बदल गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद दोनों पक्षों के लोग मौके पर जमा हो गए और विवाद बढ़ता चला गया। झगड़ा भोले की बावड़ी से निकलकर अस्पताल चौराहे तक पहुंच गया, जहां सरेआम मारपीट होने लगी। इस दौरान अस्पताल चौराहा मानो अखाड़ा बन गया। अचानक हुई हिंसा के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। एक पक्ष की ओर से फरियादी राजेश पिता त्रिलोक जैन, निवासी मिर्ची बाजार, आगर की रिपोर्ट पर पुलिस ने 6 आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से एक नाबालिग की शिकायत पर 7 लोगों के खिलाफ मामला कायम किया गया है। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात करीब 11 बजे दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर संबंधित धाराओं में कुल 13 लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर मामले को विवेचना में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इधर, अस्पताल चौराहे पर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दोनों गुटों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से वार करते हुए साफ नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग भय के चलते इधर-उधर भागते दिखाई दे रहे हैं।
बाइक टकराने पर दो गुटों में हुआ बड़ा बवाल, अस्पताल चौराहा बना अखाड़ा, हुई जमकर मारपीट, 13 पर प्रकरण दर्ज, मारपीट का VIDEO वायरल…

