Site icon Telegram Times

मास्टर कॉलोनी में रात का आतंक! अज्ञात बदमाशों ने एक दर्जन कारों के कांच फोड़कर जमकर मचाया तांडव, रहवासियो ने रात्रि गश्त पर उठाये सवाल..

आगर मालवा- शहर की मास्टर कॉलोनी में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात अज्ञात बदमाशों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए जमकर तांडव मचाया। देर रात कॉलोनी में खड़ी करीब एक दर्जन कारों के कांच तोड़कर वे फरार हो गए। सुबह जब लोग जागे तो हर ओर बिखरे कांच के टुकड़ों और टूटी हुई गाड़ियों को देखकर दहशत फैल गई। फ्रंट और बैक शीशों के पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने से रहवासी भौचक्के रह गए और रात की पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल उठने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही कॉलोनी के लोगों ने कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट की। जानकारी पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया। रहवासी अजय मंगल ने बताया कि उनकी कार सहित आसपास खड़ी कई अन्य कारों के शीशे भी बदमाशों ने चकनाचूर कर दिए। उनका कहना है कि कॉलोनी में पहली बार इतनी बड़ी वारदात हुई है, जिससे लोगों में भय और चिंता दोनों बढ़ गई है।

थाना प्रभारी शशि उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिनकी मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। टीआई उपाध्याय ने बताया कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

घटना ने रिहायशी इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रहवासी रात में गश्त बढ़ाने और कॉलोनी में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले को प्राथमिकता से लिया गया है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ा जाएगा।

Exit mobile version