Site icon Telegram Times

पवित्र गौशाला को बना दिया मधुशाला! धर्म की आड़ में शराब का कारोबार, पुलिस ने बड़ी मात्रा मे जब्त की शराब की पेटिया…

आगर मालवा- जिले में अवैध शराब कारोबारियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब उन्होंने नशे के धंधे के लिए धर्मस्थलों तक को नहीं छोड़ा। नलखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम दमदम में एक निर्माणाधीन गौशाला से पुलिस ने बड़ी मात्रा में शराब बरामद की है। जिस जगह से गौमाता की सेवा और भक्ति की गूंज सुनाई देनी चाहिए थी, वहां देशी शराब की पेटियों की गंध फैल रही थी।
नलखेड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम दमदम की गौशाला से पिछले कुछ समय से शराब बेची जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी नागेश यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो गौशाला में ताला लगा हुआ था,


ताला तोड़कर जब पुलिस ने अंदर तलाशी ली तो 48 पेटी देशी शराब और एक पेटी बियर की बरामद की गई। मौके से शराब बेचने वाला कोई व्यक्ति नहीं मिला। थाना प्रभारी यादव ने बताया कि मौके पर कोई व्यक्ति नहीं मिला हैं. अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। जब्त की गई शराब की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
गांव के कुछ लोगों ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि गौशाला में लंबे समय से शराब की बिक्री चल रही थी। ग्रामीणों के अनुसार, गौशाला एक धार्मिक स्थल होने के कारण कोई खुलकर शिकायत नहीं कर पा रहा था।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और धार्मिक असंतोष का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जहां गौमाता की पूजा होनी चाहिए, वहां शराब बिकना बेहद शर्मनाक है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस कृत्य में शामिल सभी लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी धर्म की आड़ में ऐसा काला कारोबार करने की हिम्मत न करे।

Exit mobile version