अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले के आमला क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नारकोटिक्स विभाग ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और गोपनीय कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया। उज्जैन सहित अन्य जिलों से आई नारकोटिक्स विभाग की विशेष टीम ने आमला क्षेत्र स्थित तीर्थ नर्सरी पर अचानक दबिश दी। करीब 5 चार पहिया वाहनों में सवार होकर पहुंची टीम ने पूरे क्षेत्र को अपने घेरे में ले लिया। कार्रवाई की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस दौरान मीडिया और स्थानीय पुलिस को भी मौके से दूर रखा गया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि मामला बेहद संवेदनशील और उच्च स्तर का है। सूत्रों के अनुसार, मौके से करोड़ों रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ बरामद होने की सूचना है। हालांकि, अधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। कार्रवाई में जुटे एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल सर्च और सीज की प्रक्रिया जारी है तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। उनके पहुंचने के बाद ही पूरे मामले का विस्तृत और आधिकारिक खुलासा किया जाएगा। इतनी बड़ी संख्या में नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी इस ओर इशारा कर रही है कि यहां ड्रग्स का बड़ा जखीरा पकड़े जाने की संभावना है। यदि सूत्रों की जानकारी सही साबित होती है, तो यह आगर मालवा जिले में नशीले पदार्थों के नेटवर्क को लेकर अब तक का सबसे बड़ा खुलासा माना जाएगा।
स्थानीय लोगों में इस कार्रवाई को लेकर भारी चर्चा है। जिस क्षेत्र में यह कार्रवाई हुई है, वहां इस प्रकार से नशीले पदार्थों का मिलना जिले के लिए बेहद चिंताजनक और दुखदायी माना जा रहा है। यह सवाल भी उठने लगे हैं कि आखिर इतने लंबे समय से यह अवैध कारोबार कैसे फल-फूल रहा था और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है। फिलहाल पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और सभी की निगाहें वरिष्ठ अधिकारियों के बयान पर टिकी हैं, जिनके बाद इस सनसनीखेज कार्रवाई से जुड़े कई बड़े राज़ सामने आने की उम्मीद है।
नारकोटिक्स विभाग की गुप्त दबिश ! आमला क्षेत्र की तीर्थ नर्सरी मे करोड़ों की नशीली खेप मिलने की सूचना, जिले मे मचा भूचाल…

