अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले मुख्यालय पर गुरुवार को नकली खाद की बिक्री को लेकर बड़ा बवाल खड़ा हो गया। किसानों ने आरोप लगाया कि स्थानीय गुप्ता ट्रेडर्स से खरीदी गई खाद नकली है, जिससे उनकी फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। शिकायत मिलते ही कृषि विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया और खाद के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। इसी दौरान किसानों ने व्यापारी को पकड़कर थाने पहुंचाया, जहां उसके खिलाफ धारा 420 सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया।
उप संचालक कृषि विजय चौरसिया ने बताया कि कुछ किसानों ने नर्मदा बायोटेक कंपनी की खाद को संदिग्ध बताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर कृषि विभाग की टीम मौके पर पहुंची, नमूने लिए और जांच रिपोर्ट आने तक उक्त खाद की बिक्री पर रोक लगा दी।
कार्रवाई की खबर जंगल में आग की तरह फैली और देखते ही देखते बड़ी संख्या में किसान दुकान पर पहुंच गए। गुस्साए किसानों ने आरोपी व्यापारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस ने व्यापारी को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।
इधर, कार्रवाई से असंतुष्ट किसानों ने बड़ौद चौराहे पर नेशनल हाइवे जाम कर दिया। इससे कुछ समय तक यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। थाना प्रभारी शशि उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और समझाइश देकर जाम खुलवाया।
कृषि विभाग ने व्यापारी के खिलाफ आगर कोतवाली में कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट में दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम से क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश है। वहीं प्रशासन ने किसानों को आश्वासन दिया है कि गुणवत्तापूर्ण खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी और नकली खाद बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

