अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले के ग्राम बांसखेड़ी में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक किसान के बाड़े में दुर्लभ प्रजाति का दोमुंहा रेड सैंड बोआ सर्प दिखाई दिया। किसान ने बिना घबराए तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही चौकीदार भेरूसिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद वन रक्षक गोविंद शर्मा और राकेश कुंभकार ने सर्प को सावधानीपूर्वक रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू के बाद सर्प को वन विभाग कार्यालय लाया गया, जहां रेंजर लक्ष्मी नारायण चौधरी के निर्देश पर पशु चिकित्सक डॉ. अरविंद महाजन द्वारा उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। परीक्षण में सर्प पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, रेड सैंड बोआ एक बेहद दुर्लभ और संरक्षित प्रजाति का सर्प है। यह जहरीला नहीं होता, लेकिन इसकी विशिष्ट शारीरिक बनावट और त्वचा के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अवैध तस्करी करोड़ों रुपये में की जाती है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार का दुर्लभ वन्यजीव या सर्प दिखाई दे तो तुरंत विभाग को सूचित करें और स्वयं कोई जोखिम भरा कदम न उठाएं। विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर एक कीमती जीव को सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास में लौटाया जा सका।

