Site icon Telegram Times

मामूली बाइक टकराने से हुवे विवाद के बाद शहर में तनाव का माहौल! हिन्दू संगठन ने किया कोतवाली थाने का घेराव, डटे रहे आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग पर..

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- शहर के रत्नसागर तालाब क्षेत्र में दोपहर करीब 3 बजे एक मामूली बाइक टक्कर से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गंभीर रूप ले बैठा। आरोप है कि बाइक टकराने की बात को लेकर वर्ग विशेष के कुछ लोगों ने हिन्दू समाज के एक व्यक्ति एवं एक बच्ची के साथ मारपीट कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और मामला तेजी से तूल पकड़ता चला गया। घटना से नाराज हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ता, भाजपा के बड़े पदाधिकारी तथा यादव समाज के लोग बड़ी संख्या में कोतवाली थाने पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने हिरासत में लिए गए चारों आरोपियों का शहर में जुलूस निकालने की मांग को लेकर कोतवाली थाने का घेराव कर दिया। आक्रोशित लोग करीब तीन घंटे तक थाने पर डटे रहे और जमकर नारेबाजी की, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कोतवाली परिसर व आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। देर शाम तक आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी रही। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों से संवाद करते नजर आए।


इस पूरे घटनाक्रम पर जानकारी देते हुए सीएसपी मोतीलाल कुशवाहा ने बताया कि रत्नसागर तालाब के पास बाइक टकराने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद एक व्यक्ति और एक बच्ची के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई जारी है। वहीं, कोतवाली थाने के सामने चल रहे घेराव के दौरान उस समय हालात और बिगड़ गए, जब वर्ग विशेष के कुछ युवक भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इसी दौरान भीड़ द्वारा उनके साथ भी मारपीट की गई। मारपीट में घायल व्यक्ति की पहचान कालूराम यादव के रूप में हुई है, जो घटना के समय अपने घर जा रहे थे। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों- दानिश और अमन तथा दो नाबालिग आरोपी निवासी आगर मालवा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Exit mobile version