Site icon Telegram Times

CMO डोडवे के आगे कलेक्टर प्रीति यादव के आदेश बेअसर! नगर पालिका के लिए 181 हेल्पलाइन बनी मज़ाक, महीनों से लंबित पड़ी शिकायते, बेबस दिखती प्रशासनिक सख़्ती…

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले में प्रशासनिक अनुशासन और जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कलेक्टर प्रीति यादव द्वारा प्रत्येक सप्ताह टीएल बैठकों में सीएम हेल्पलाइन (181) की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के लिए लगातार सख़्त निर्देश दिए जा रहे हैं, लेकिन नगर पालिका परिषद में इन निर्देशों का कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है।
नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) कुशलसिंह डोडवे कलेक्टर के आदेशों को नज़रअंदाज़ करते हुए महीनों से लंबित पड़ी 181 हेल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण नहीं कर रहे हैं। हालत यह है कि शिकायतकर्ता निराकरण की आस में बार-बार सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और कलेक्ट्रेट के चक्कर काटने को मजबूर हैं। सूत्रों के अनुसार, जनसुनवाई के दौरान स्वयं कलेक्टर प्रीति यादव कई अवसरों पर CMO डोडवे को तलब कर संबंधित शिकायतों का मौके पर ही समाधान करने के निर्देश दे चुकी हैं, लेकिन ये निर्देश केवल औपचारिकता बनकर रह जाते हैं. शिकायतकर्ताओं का कहना है कि निराकरण करने के बजाय उन पर शिकायत वापस लेने या बंद कराने का दबाव बनाया जाता है। नगर पालिका में शिकायतों के निपटारे को लेकर बरती जा रही लापरवाही से 181 हेल्पलाइन व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठने लगे हैं।

जिस मंच को आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बनाया गया था, वही मंच नगर पालिका के लिए मज़ाक बनता दिखाई दे रहा है। सोमवार को आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर प्रीति यादव ने एक बार फिर सभी विभागों को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के गंभीरतापूर्वक और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए हैं। अब यह देखना अहम होगा कि नगर पालिका में कलेक्टर के आदेशों की बार-बार हो रही अवहेलना पर क्या CMO डोडवे के खिलाफ कोई ठोस प्रशासनिक कार्रवाई होती है, या फिर शिकायतकर्ताओं की परेशानी यूँ ही बनी रहेगी।

Exit mobile version