Site icon Telegram Times

“नीच जात कहकर डॉ प्रेमिका पर किया जुल्म”! आगर में खौफनाक घटना- डॉ विशाल अग्रवाल, बहादुर दायमा और तुषार के खिलाफ SC-ST एक्ट सहित मारपीट व धमकी का प्रकरण दर्ज..

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- भोपाल की रहने वाली डॉ. पंखुड़ी पिता अनिल शाक्य उम्र 28 वर्ष, जो एससी वर्ग से संबंध रखती हैं, ने आगर थाने पहुंचकर डॉ. विशाल अग्रवाल, बहादुर दायमा और तुषार पर जातिसूचक गालियां देने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। महिला डॉक्टर के आरोपों ने जिले में सनसनी फैला दी है।
फरियादी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह मास्टर ऑफ सर्जरी (स्त्री रोग विशेषज्ञ) है और उसकी पहचान करीब 11 महीने पहले जिला चिकित्सालय आगर में डीआरपी टेन्योर के दौरान डॉ. विशाल अग्रवाल से हुई थी। इसी दौरान दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। टेन्योर पूरा होने के बाद भी दोनों के बीच मुलाकात जारी रही।
फरियादी के अनुसार 1 नवंबर 2025 को विशाल से संपर्क न होने पर वह विनायक सिटी स्थित उसके घर पहुंची, वहीं रहने के दौरान अगले दिन बहादुर दायमा और तुषार वहां आए और मां-बहन की गालियां देते हुए जातिसूचक शब्द बोले तथा धमकी दी कि अगर दोबारा विशाल से मिलने की कोशिश की, तो गायब करा देंगे।
इसके बाद भी संबंध सामान्य करने की कोशिशों के बीच 17 नवंबर 2025 को शाम करीब 5-6 बजे आगर में विशाल के क्लीनिक पर बहादुर ने फिर जातीय टिप्पणी की-
“लो, नीच जात की डॉक्टर आ गई।”
महिला चिकित्सक ने बताया कि रात को विवाद बढ़ने पर डॉ. विशाल अग्रवाल ने उसके बाल पकड़कर बाएं गाल पर थप्पड़ मारा और मारपीट की। उसने उसका मोबाइल छीन लिया और 112 पर पुलिस कॉल करने नहीं दिया। किसी तरह बाथरूम में छिपकर कॉल करने पर पुलिस आई, लेकिन दोनों ने इसे आपसी विवाद बता दिया, जिसके बाद पुलिस लौट गई।
आरोप है कि बाद में मोबाइल पर धमकी देते हुए विशाल ने कहा की तुम छोटी जाति की हो, मैं शादी नहीं कर सकता। अगर थाने में रिपोर्ट की, तो बहादुर दायमा तुम्हें जान से खत्म करा देगा।
डर के कारण पीड़िता कई दिनों तक चुप रही, लेकिन आज साहस जुटाकर परिवार को सारी बात बताई और थाने आकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि मेरे बाएं गाल पर आज भी मारपीट का निशान मौजूद है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर SC-ST एक्ट समेत मारपीट व जान से मारने की धमकी की धाराओं में जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version