अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले के बड़ौद नगर में सोमवार सुबह एक मामूली बात ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। बैंक ऑफ़ इंडिया के समीप स्थित एक दुकान के बाहर घूरने की बात को लेकर सुबह करीब 11 बजे दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट और दुकानों में तोड़फोड़ तक पहुँच गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बाजार का माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही बड़ौद थाना पुलिस के साथ सीएसपी मोतीलाल कुशवाह पुलिस बल सहित तत्काल मौके पर पहुँचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग कर हालात संभालने का प्रयास किया, लेकिन घटना से नाराज हिंदू पक्ष के लोग बड़ी संख्या में बड़ौद थाने पहुँच गए और थाने का घेराव कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने वर्ग विशेष के आरोपियों की गिरफ्तारी, उनका जुलूस निकाले जाने तथा उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर कड़ा रुख अपनाया। थाने के बाहर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन के चलते माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। करीब तीन घंटे तक हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों के बीच लगातार बातचीत का दौर चलता रहा।
लंबी समझाइश और चर्चा के बाद पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच सहमति बनी। तय कार्रवाई के तहत शाम करीब 4 बजे वर्ग विशेष के दो आरोपियों को बड़ौद थाने से बस स्टैंड तक भारी पुलिस बल की तैनाती में जुलूस के रूप में ले जाया गया। जुलूस के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने साफ किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

