Site icon Telegram Times

जिला न्यायालय परिसर बना अखाड़ा! वकीलो-पुलिस के सामने दो पक्षो मे जमकर चले लात घूंसे, विडिओ ने मचाई खलबली…

oplus_0

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- बुधवार को न्यायालय परिसर उस समय अफरा-तफरी और दहशत के माहौल में तब्दील हो गया, जब एक पुराने जमीन विवाद की पेशी के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खुलेआम मारपीट तक पहुंच गया। कुछ देर के लिए कोर्ट परिसर अखाड़े में बदल गया। जानकारी के अनुसार ग्राम भादवा निवासी बहादुर पिता बनेसिंह राजपूत 32 वर्ष, गोविन्दसिंह पिता बने सिंह 35 का दूसरे पक्ष के राजेंद्र सिंह पिता ईश्वरसिंह 35, ईश्वर सिंह पिता हिन्दूसिंह 55 वर्ष के बीच अपने पुराने जमीन विवाद की पेशी के लिए न्यायालय पहुंचे थे। पेशी से पहले ही किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। पहले तो यह बहस शब्दों तक सीमित रही, लेकिन देखते ही देखते गाली-गलौज और अश्लील शब्दों के इस्तेमाल के साथ मामला हिंसक झड़प में बदल गया। कुछ ही पलों में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े और लात-घूंसे चलने लगे।

कोर्ट परिसर में मौजूद आम नागरिक व कर्मचारी सकते में आ गए। अचानक हुई इस घटना से न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। न्यायालय में तैनात पुलिसकर्मी शुरू में हालात को समझ ही नहीं पाए। जब मारपीट और उग्र हो गई तो पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया, लेकिन उत्तेजित लोग एक-दूसरे पर हमला करते रहे। इसी बीच बड़ी संख्या में अभिभाषक भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से दोनों पक्षों को काबू में लिया गया और मारपीट में शामिल सभी लोगों को पकड़कर कोतवाली थाने ले जाया गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और संबंधित धाराओं में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Exit mobile version