आगर मालवा- बड़ोद नगर में एक महिला के साथ उसके ही घर में घुसकर 10 लाख रुपये से अधिक के सोने के गहनों की धोखाधड़ी की सनसनीखेज वारदात के बाद भी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। इस मामले में पुलिस की निष्क्रियता से आक्रोशित सकल जैन समाज ने शनिवार को प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि 7 दिसंबर को एक अज्ञात व्यक्ति सुशीलादेवी पति मोतीलाल जैन के घर में घुसा और विश्वास में लेकर लगभग 110 ग्राम सोने के गहने लेकर फरार हो गया। इतनी बड़ी घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे पीड़ित परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद से ही पीड़िता सुशीलादेवी गहरे सदमे में हैं और उनकी तबीयत भी लगातार खराब बनी हुई है। वहीं इस वारदात से पूरे जैन समाज में भारी आक्रोश और तनाव व्याप्त है। समाजजनों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़िता के लूटे गए सोने के गहने सुरक्षित रूप से वापस दिलाए जाएं।
जैन समाज ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
घर में घुसकर 10 लाख से ज्यादा के सोने के गहनो की ठगी करने वाला पुलिस की गिरफ्त से बाहर, जैन समाज मे आक्रोश, प्रभारी मंत्री से की सख्त कार्रवाई की मांग..

