Site icon Telegram Times

रामकृष्ण हॉस्पिटल एन्ड ट्रामा सेंटर की बिल्डिंग पर मंडराया संकट, दस्तावेजों के लिए CMO ने जारी किया सूचना पत्र, MOS नियमों की धज्जियां उड़ाकर 3 प्लॉट पर खड़ी की बिल्डिंग

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- शहर में एक बार फिर अवैध निर्माण का बड़ा मामला सामने आया है। विवादों में घिरे रामकृष्ण हॉस्पिटल एन्ड ट्रामा सेंटर की बिल्डिंग अब नगर पालिका की सख्त निगरानी में आ गई है। नियमों को दरकिनार कर निर्मित इस अस्पताल भवन को लेकर प्रशासन ने औपचारिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर पालिका के सीएमओ कुशल सिंह डोडवे ने अस्पताल प्रबंधन को सूचना पत्र जारी कर भवन निर्माण से जुड़े सभी वैध दस्तावेज, स्वीकृत नक्शा और अनुमतियां प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं. जानकारी के अनुसार, अस्पताल निर्माण में MOS (मार्जिन ओपन स्पेस) नियमों का गंभीर उल्लंघन किया गया है, जिसके संबंध में शिकायतकर्ता द्वारा पहले ही प्रमाणित दस्तावेज नगर पालिका को सौंपे जा चुके हैं।


बताया जा रहा है कि अस्पताल की बिल्डिंग तीन अलग-अलग भूखंडों को मिलाकर बनाई गई है। नियमानुसार प्रत्येक भूखंड में सामने 3 मीटर, पीछे 1.5 मीटर और एक साइड में 1.5 मीटर खुला स्थान छोड़ना अनिवार्य होता है, लेकिन अस्पताल संचालक ने इन सभी नियमों की अनदेखी कर बिना आवश्यक खाली जगह छोड़े ही एक संयुक्त इमारत खड़ी कर दी। विशेषज्ञों का कहना है कि MOS नियम केवल कागजी औपचारिकता नहीं बल्कि आपातकालीन सुरक्षा से जुड़े होते हैं। आगजनी, भूकंप या अन्य आपदा की स्थिति में मरीजों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए भवन के चारों ओर पर्याप्त खुला स्थान होना जरूरी है। ऐसे में नियमों की अनदेखी सीधे तौर पर लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ मानी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। दस्तावेजों की जांच के बाद यदि अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं तो अस्पताल पर जुर्माना, सीलिंग या आंशिक ध्वस्तीकरण जैसी सख्त कार्रवाई हो सकती है। इस पूरे मामले में अब लोगों की नजर नगर पालिका आगर मालवा की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है। क्या नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी या मामला फिर ठंडे बस्ते में जाएगा, यह आने वाले दिनों में साफ हो जाएगा।
फिलहाल इस मामले ने शहर में हलचल मचा दी है और लोग उम्मीद कर रहे हैं कि प्रशासन अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कदम उठाकर एक मिसाल पेश करेगा।

Exit mobile version