Site icon Telegram Times

किराना गोदाम मालिक के समर्थन में उतरे व्यापारी, थाने में सौंपा ज्ञापन — बोले, प्राकृतिक मौत को लापरवाही बताना अन्याय

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- सुसनेर नगर में 6 अक्टूबर को सालगराम राठौर की दुकान पर हुई घटना को लेकर अब व्यापारी समुदाय खुलकर उनके समर्थन में आ गया है। रविवार को किराना व्यापारियों और सालगराम राठौर ने सुसनेर पुलिस थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष जांच की मांग की।

व्यापारियों ने अपने ज्ञापन में कहा कि शनिवार को वर्ग विशेष द्वारा सालगराम राठौर के खिलाफ कार्रवाई के लिए आवेदन दिया गया है, जबकि घटना एक प्राकृतिक मौत का मामला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह घटना रफीक के घर पर भी घट सकती थी, इसमें सालगराम राठौर की कोई लापरवाही नहीं रही।

व्यापारियों ने बताया कि घटना के बाद सालगराम राठौर ने तुरंत रफीक को मदद पहुंचाई। उन्होंने डॉक्टरों से संपर्क किया, रफीक के भाई को बुलाया और अपने निजी वाहन से उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भी भिजवाया। इसके बावजूद मृतक के परिजनों और अन्य लोगों द्वारा उन पर झूठा प्रकरण बनाने का दबाव डाला जा रहा है।

व्यापारियों ने मांग की कि मामले में बिना दबाव के निष्पक्ष जांच की जाए और केवल तथ्यों के आधार पर ही कोई कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सालगराम राठौर के खिलाफ बिना जांच के कार्रवाई की गई तो नगर के किराना व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Exit mobile version