Site icon Telegram Times

मदद के लिए चिल्लाती रही दो जिंदगीयां! जेसीबी से दो घंटे बाद निकाला.. पर बच न सके युवको के प्राण, सारंगपुर मार्ग पर भीषण हादसे से सहमे ग्रामीण…

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- सारंगपुर मार्ग पर हुवे एक भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। नीमच से लहसुन भरकर कोलकाता जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक के भीतर दबे दो युवक दर्द से कराहते रहे, मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन नियति उनसे पहले पहुंच गई। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जब जेसीबी की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। ट्रक चालक अफसर पिता आबिद (24) और उसके साथी मुबारिक पिता आरिफ (25), दोनों निवासी मुख्तियारनगर कादराबाद, जिला सीहोर, ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गए थे। ट्रक के पीछे आ रहे एक अन्य वाहन के चालक जफर खान ने बताया कि पलटी के बाद दोनों युवक लगातार बाहर निकालने के लिए चीख-पुकार करते रहे। उनकी आवाजें सुनकर वह मदद के लिए आसपास के गांवों की ओर दौड़ा। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए और युवकों को निकालने की कोशिश शुरू की, लेकिन भारी ट्रक के नीचे दबे दोनों को हाथों से निकालना संभव नहीं हो पाया। अंततः जेसीबी मंगवाई गई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार हादसा कानड़ से आगे रात करीब एक बजे हुआ, जब सामने से आ रहे एक वाहन ने ट्रक को अचानक कट मार दिया। संतुलन बिगड़ते ही ट्रक सड़क पर पलट गया और यह भयावह हादसा हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version