आगर मालवा। मास्टर कॉलोनी में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब रहवासी क्षेत्र में लगी बड़ी लाइन के एक बिजली पोल में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका, लेकिन तेज़ लपटें उठते ही लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें कई फीट ऊँचाई तक उठ रही थीं, वहीं नीचे चिंगारियों की बारिश हो रही थी। स्थिति तब और भयावह हो गई जब पोल में लगातार धमाकों जैसी तेज आवाज़ें आने लगीं। अचानक हुए इन धमाकों से क्षेत्र में दहशत फैल गई और लोग सावधानी के तौर पर सुरक्षित जगहों पर खड़े हो गए।
रहवासियों की सूचना पर नगर पालिका की दमकल टीम मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा होने से टल गया, क्योंकि यदि आग कुछ देर और भड़कती रहती तो तार टूटकर नीचे गिर सकते थे, जिससे जानमाल का बड़ा नुकसान संभव था।
घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग ने तत्काल क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद की और बाद में तकनीकी टीम द्वारा सुधार कार्य शुरू किया गया।
कॉलोनी के लोगों ने राहत की सांस लेते हुए बताया कि आग लगने के दौरान पूरा क्षेत्र दहशत में था। समय रहते दमकल की कार्रवाई ने एक बड़ी आपदा को टाल दिया।











