स्वतंत्रता दिवस पर आगर में देशभक्ति का रंग, कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने फहराया तिरंगा

आगर-मालवा- जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को पूरे उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित परेड ग्राउंड पर आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी के साथ खुली सफेद जिप्सी में सवार होकर भव्य परेड का निरीक्षण किया और परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भोपाल से प्रदेशवासियों के नाम दिए गए संदेश का सीधा प्रसारण बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। कलेक्टर डॉ. मीना ने मंच से बधाई संदेश का वाचन करते हुए जिले की विकास उपलब्धियों और विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला।
जिला पुलिस बल के बैंड की मधुर धुन के बीच तीन हर्ष फायर किए गए। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक सपना परमार और उप कमांडर राखी गुर्जर के नेतृत्व में विभिन्न प्लाटूनों ने कदम से कदम मिलाकर आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। परेड में उप निरीक्षक दीपक विश्वकर्मा के नेतृत्व में जिला पुलिस बल की प्रथम प्लाटून, उप निरीक्षक सचिन धाकड़ के नेतृत्व में द्वितीय प्लाटून, उप निरीक्षक सुनीता परिहार के नेतृत्व में महिला पुलिस प्लाटून, उप निरीक्षक संजय गुनैरा के नेतृत्व में नगर सेना प्लाटून, दीपक सूर्यवंशी के नेतृत्व में उत्कृष्ट विद्यालय का एनसीसी प्लाटून, पंकज टेलर के नेतृत्व में सांदीपनी स्कूल का स्काउट दल, याशरउल्ला खान के नेतृत्व में पुष्पा कॉन्वेंट का स्काउट दल, चंचल राजपूत के नेतृत्व में कन्या विद्यालय की गाइड दल तथा मसरत कुरैशी के नेतृत्व में शौर्या दल शामिल रहा। परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले परेड कमांडर, उप कमांडर, विभिन्न प्लाटूनों और बैंड की टुकड़ी को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


समारोह में जिले के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों, जवानों, छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी, विधायक माधव सिंह ‘मधु’ गेहलोत, जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नाबाई भैरूसिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय, नगर पालिका अध्यक्ष निलेश जैन पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कुल 89 प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर शहीदों के परिजनों और लोकतंत्र रक्षकों का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान भी किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मध्यप्रदेश जनसंपर्क संचालनालय भोपाल द्वारा प्रकाशित ‘बदलते दौर का मध्यप्रदेश—आगर मालवा जिले की विकास गाथा’ पुस्तिका का भी वितरण किया गया। पुस्तिका में जिले की प्रमुख उपलब्धियों, इतिहास, कला-संस्कृति, पर्यटन स्थलों, फ्लैगशिप योजनाओं, सिंचाई परियोजनाओं, विद्युत, शिक्षा, उद्योग एवं निवेश, महिला सशक्तिकरण तथा विभिन्न नवाचारों की जानकारी सचित्र प्रस्तुत की गई है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक शरद बंसिया एवं दिशा सक्सेना ने किया। समारोह में जनपद अध्यक्ष आगर धर्मकुंवर बाई, मार्केटिंग अध्यक्ष करण सिंह यादव, पूर्व विधायक लालजीराम मालवीय, गोपाल परमार, बद्रीलाल सोनी, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह, जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि हरिनारायण यादव, भरत प्रजापत, अशोक प्रजापत सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ बी.एस. सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयत, एसडीएम आगर मिलिन्द ढोके, डिप्टी कलेक्टर प्रेमनारायण परमार, कमल मंडलोई, अर्पिता राय सहित अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकारगण, पार्षद, त्रिस्तरीय पंचायतों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page